बस्तर बना लुटेरों का अड्डा NH–63 से लेकर संजय मार्केट तक लुट ही लूट, बस्तर में सोने का डाका– 48 घंटों में 4 करोड़ साफ।
रिपोर्ट/ जावेद अली आज़ाद
जगदलपुर / दंतेवाड़ा। बस्तर में महज 48 घंटे के अंदर आभूषण कारोबारियों को निशाना बनाकर करीब 4 करोड़ रुपये की दो बड़ी वारदातों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। एक वारदात में हथियारबंद बदमाशों ने हाईवे पर लूट की, तो दूसरी वारदात में गिरोह ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से गहने उड़ा लिए।

पहली वारदात – NH-63 पर बंदूक की नोक पर लूट

सोमवार, 9 नवंबर 2026 की शाम दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 पर अज्ञात बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को घेर लिया। पीड़ित व्यापारी भैरमगढ़ से गीदम की ओर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उनकी कनपटी पर बंदूक और चाकू अड़ा दिया। जान से मारने की धमकी देकर बदमाश सोना-चांदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यापारी से पूछताछ कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी वारदात – धनतेरस के दिन जगदलपुर में 1.74 करोड़ की चोरी
दूसरी बड़ी वारदात शनिवार, 7 नवंबर 2026 को धनतेरस के दिन शाम करीब 4:30 बजे जगदलपुर के पैलेस रोड, संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई। घूंघट की आड़ में महिला समेत 4 से 6 लोग ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। उन्होंने गहने देखने के बहाने दुकानदार और कर्मचारियों को बातों में उलझाया और सोने से भरा प्लास्टिक बॉक्स लेकर फरार हो गए।
इस वारदात में करीब 1,200 ग्राम (1.2 किलो) सोने के जेवर पार कर दिए गए, जिनकी कीमत 1.74 करोड़ से 2 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
बस्तर पुलिस ने दुकान और शहर के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से इस मामले का खुलासा करते हुए 5 से 6 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
सबसे बड़ा सवाल – धनतेरस जैसे भीड़भाड़ वाले दिन और हाईवे जैसे व्यस्त रास्ते पर इतनी बड़ी वारदातें पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही हैं। क्या बस्तर में सर्राफा कारोबारी अब सुरक्षित नहीं हैं?

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
