कौशल प्रशिक्षण से बदली युवाओं की तकदीर : मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के युवाओं को हैदराबाद के प्रतिष्ठित होटलों में मिला रोजगार

0
IMG-20260518-WA1443

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने वितरित किए प्लेसमेंट लेटर, युवाओं के चेहरे पर दिखी नई उम्मीद और आत्मविश्वास की चमक

रायपुरमोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के तहत कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं को प्लेसमेंट लेटर एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर युवाओं के चेहरे पर सफलता की खुशी और आत्मविश्वास स्पष्ट झलक रहा था। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर अंजोरा में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर अंतर्गत मल्टीफंक्शनल ऑफिस एसोसिएट ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 30 छात्र-छात्राओं को 45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के पश्चात रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। इनमें जिले के 10 युवाओं का चयन हैदराबाद के प्रतिष्ठित होटलों में हुआ है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने चयनित युवाओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनका परिचय जाना और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक कौशल, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास भी सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियों के साथ-साथ कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल, ग्रूमिंग तथा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इससे युवाओं के व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव आया और उनका आत्मविश्वास बढ़ा। स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर अंजोरा के सेंटर हेड सुभाष डोंगरे ने बताया कि ग्रामीण युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को राज्य एवं राज्य के बाहर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि हैदराबाद स्थित मिनर्वा ग्रैंड कॉम्पल्ली में राधिका, गीता, संगीता, अंजली एवं कपिल को रोजगार मिला है, वहीं यस वी एम ग्रैंड हैदराबाद में चमेली, भूषण, डोमेश्वर, टामन एवं पुष्पेंद्र का चयन हुआ है। चयनित युवाओं को प्रतिमाह 12 हजार रुपये वेतन के साथ आवास एवं भोजन की निःशुल्क सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इससे युवाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। कार्यक्रम में सेंटर हेड सुभाष डोंगरे एवं ट्रेनर मुरारीलाल साहू भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को उनकी पहली नौकरी के लिए बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नौकरी मिलने पर युवाओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रति आभार जताया। छात्र कपिल एवं छात्रा चमेली ने बताया कि प्रशिक्षण से पहले वे लोगों के सामने बोलने में झिझक महसूस करते थे, लेकिन कम्युनिकेशन स्किल एवं व्यक्तित्व विकास की कक्षाओं ने उनके भीतर आत्मविश्वास पैदा किया। अब वे नौकरी के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखेंगे। उल्लेखनीय है कि 18 मार्च को जनपद पंचायत मोहला में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार शिविर में 20 युवाओं ने मल्टीफंक्शनल ऑफिस एसोसिएट ट्रेड में नामांकन कराया था, जिनमें से 10 युवाओं ने अंजोरा में प्रशिक्षण पूर्ण कर रोजगार प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!