ऑपरेशन प्रहार’ से कबाड़ माफियाओं में हड़कंप: जूटमिल और छाल पुलिस की बड़ी रेड, 23 लाख के अवैध कबाड़ और चोरी के सरिये के साथ ट्रक जप्त

0
IMG-20260519-WA0758

ओडिशा पासिंग ट्रक से 24 टन स्क्रैप बरामद, बिहार का चालक गिरफ्तार; ग्राम बेहरामार में दबिश देकर 53 क्विंटल ‘कामधेनु’ सरिया जप्त

रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने और अवैध कारोबारियों की रीढ़ तोड़ने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना जूटमिल और थाना छाल पुलिस ने संयुक्त रूप से कड़ा प्रहार करते हुए लगभग 24 टन अवैध कबाड़ और 53 क्विंटल संदिग्ध लोहे का सरिया जप्त किया है। जप्त किए गए माल और ट्रक की कुल कीमत 23 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को शिकंजे में ले लिया है।

कार्रवाई नंबर 01: जूटमिल पुलिस ने पटेलपाली मंडी के पास घेराबंदी कर पकड़ा कबाड़ से लदा ट्रक

थाना जूटमिल पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग के किनारे एक ओडिशा पासिंग ट्रक में भारी मात्रा में अवैध कबाड़ लोड कर ले जाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 को अपनी कस्टडी में लिया।
जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें लोहे और टीन का भारी-भरकम स्क्रैप भरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर मौजूद वाहन चालक प्रमोद कुमार यादव (26 वर्ष, निवासी समस्तीपुर, बिहार; हाल मुकाम भुवनेश्वर, ओडिशा) से कबाड़ के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक ने लिखित में दिया कि उसके पास कोई कागजात नहीं हैं।

20 लाख की जप्ती: वैध दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष 24 टन कबाड़ (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) और ट्रक (कीमत लगभग 12 लाख रुपये) को जप्त कर लिया। आरोपी चालक के खिलाफ धारा 35 (क), (ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमश सिंह राजपूत, आरक्षक नरेश रजक और परमानंद पटेल की मुख्य भूमिका रही।

कार्रवाई नंबर 02: छाल पुलिस की रेड, शेड में छिपाकर रखा 53 क्विंटल सरिया बरामद

इधर, अवैध और चोरी की संपत्ति के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई छाल थाना क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में छाल पुलिस टीम ने ग्राम बेहरामार में मुखबिर की सूचना पर भोजराम पटेल के घर के सामने बने एक शेड में अचानक दबिश दी। पुलिस को इनपुट मिला था कि यहाँ भारी मात्रा में चोरी का सरिया डंप करके रखा गया है।
पुलिस ने संदेही भोजराम पटेल (38 वर्ष) से कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी की सहमति ली। शेड की जांच करने पर पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गईं। वहां नामी कंपनी का भारी मात्रा में सरिया अवैध रूप से स्टॉक किया गया था, जिसमें शामिल हैं:

  • 8 एमएम का 22 बंडल
  • 10 एमएम का 21 बंडल
  • 12 एमएम का 12 बंडल
    3.15 लाख का सरिया जप्त: कुल 5300 किलोग्राम (53 क्विंटल) कामधेनु सरिया, जिसकी बाजार में कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपये है, को पुलिस ने गवाहों के सामने जप्त किया। आरोपी भोजराम पटेल सरिया के संबंध में कोई भी वैध बिल या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति के संदेह पर इस्तगासा धारा 35(1-C) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की। इस रेड में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन और आरक्षक राजेश राठौर शामिल रहे।

कबाड़ और चोरी के धंधेबाजों को एसएसपी की दो टूक

इस बड़ी कामयाबी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के अपराधियों और कबाड़ माफियाओं को कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है:
“रायगढ़ जिले में चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री, अवैध कबाड़ के संचालन और किसी भी प्रकार के संदिग्ध आर्थिक कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी रहेगा। जो भी व्यक्ति इन अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!