चीन की कोयला खदान में भयंकर गैस ब्लास्ट, 82 मजदूरों की मौत, कई अब भी फंसे
बीजिंग । उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां के किनयुआन काउंटी में स्थित लियुशेनयु कोयला खदान में एक भयानक गैस विस्फोट हुआ है. इस हादसे में अब तक 82 मजदूरों की मौत हो चुकी है. रिपोर्ट के अनुसार, खदान के भीतर अभी भी 9 मजदूर फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं. यह धमाका शुक्रवार शाम ठीक 7:29 बजे हुआ, जिसने देखते ही देखते बड़ी तबाही का रूप ले लिया. रिपोर्ट के अनुसार शाम के समय जब खदान में काम सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक हुए जोरदार धमाका हुआ. ब्लास्ट होते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई. काम कर रहे मजदूरों के परिजनों और स्थानीय लोगों में अपनों को बचाने की होड़ लग गई, जिससे मौके पर भारी अराजकता का माहौल बन गया. हादसे की गंभीरता को देखते हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तुरंत संज्ञान लिया है. उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और बड़े पैमाने पर व्यापक बचाव अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए हैं. राष्ट्रपति ने कहा है कि इस हादसे के बाद के हालातों को पूरी संवेदनशीलता से संभाला जाए. इसके साथ ही उन्होंने घटना की गहराई से जांच के आदेश दिए हैं ताकि कानून के मुताबिक दोषियों की जवाबदेही तय कर उन पर सख्त कार्रवाई की जा सके. राष्ट्रपति जिनपिंग ने जोर देकर कहा कि इस दुखद घटना से देश भर के अधिकारियों को कड़ा सबक लेना चाहिए. उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर हमेशा सतर्क रहने की हिदायत दी है. राष्ट्रपति ने कहा कि भविष्य में ऐसे बड़े हादसों को रोकने के लिए संभावित खतरों की समय पर पहचान करना और उन्हें पूरी तरह से खत्म करना बेहद जरूरी है. चूंकि चीन में बाढ़ का मौसम शुरू हो रहा है, इसलिए राष्ट्रपति शी ने लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने और बाढ़ नियंत्रण व आपदा राहत के कड़े कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं. उप-प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग बचाव कार्यों की निगरानी के लिए एक टीम के साथ खुद मौके पर पहुंच गए हैं.

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
