जंगल में छिपा था मौत का कुकर, जवानों की सतर्कता से टला बड़ा नक्सली हमला
दंतेवाड़ा । बारसूर थाना क्षेत्र के घने जंगलों में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। ग्राम हिड़पाल के पहाड़ी इलाके में जंगल के भीतर छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया। अगर यह विस्फोटक सक्रिय हो जाता तो जवानों के साथ आम ग्रामीणों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत 195वीं वाहिनी सीआरपीएफ की Young Platoon पार्टी, Bomb Disposal Squad और जिला पुलिस की संयुक्त टीम शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान द्वितीय कमान अधिकारी विक्रांत वर्मा के मार्गदर्शन और सहायक कमांडेंट संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में चलाया गया।

जवान हिड़पाल के जंगलों में संभावित नक्सली गतिविधियों और छिपाए गए विस्फोटकों की तलाश कर रहे थे तभी सुबह करीब 8:20 बजे एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इलाके को तुरंत घेरकर सुरक्षित किया गया और BDDS टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच में सामने आया कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से प्रेशर कुकर आईईडी प्लांट किया था। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने तकनीकी प्रक्रिया अपनाते हुए मौके पर ही विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। कार्रवाई के बाद आसपास के इलाके में अतिरिक्त सर्चिंग भी की गई और सभी जवान सुबह करीब 10:55 बजे सुरक्षित बेस कैंप लौट आए। दंतेवाड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विस्फोटक सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल जवानों की सतर्क निगाहों ने जंगल में बिछे मौत के जाल को बेअसर कर दिया, लेकिन नक्सलियों की साजिशें अब भी सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
