मासूम से दरिंदगी: बेलगहना पुलिस ने जंगलों में ड्रोन से घेराबंदी कर दबोचा दुष्कर्म का आरोपी, 10 वर्षीय बालिका को घुमाने के बहाने ले गया था साथ
खेत में ले जाकर किया अनाचार; पुलिस को चकमा देकर घने जंगलों में छिपा था आरोपी, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चंद घंटों में हुई गिरफ्तारी
बिलासपुर। जिले के बेलगहना चौकी (थाना कोटा) क्षेत्र में एक 10 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आधुनिक तकनीक (ड्रोन) का सहारा लेकर घने जंगलों में छिपे आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही धरदबोचा। आरोपी ने मासूम को घुमाने का झांसा देकर अपनी हवस का शिकार बनाया था।
घुमाने के बहाने ले गया और खेत में की दरिंदगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 23 मई 2026 की शाम की है। आरोपी रंजीत यादव उर्फ दउआ (20 वर्ष), जो कि सक्तीबहरा का निवासी है, ने 10 वर्षीय बालिका को मोटरसाइकिल पर घुमाकर लाने का झांसा दिया। मासूम उस पर भरोसा कर साथ चली गई। आरोपी उसे सक्तीबहरा के ही एक सुनसान खेत में ले गया और वहां उसके साथ जबरन अनाचार किया। दरिंदगी के बाद आरोपी ने अगले दिन सुबह बालिका को उसके घर के पास छोड़ दिया।
परिजनों को सुनाई आपबीती, पुलिस ने दर्ज किया मामला
रात भर अपनी लाडली की तलाश में भटक रहे परिजन जब घर लौटे, तो पीड़ित बालिका ने रोते हुए अपने साथ हुई हैवानियत की जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल 24 मई को थाना कोटा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी रंजीत यादव के विरुद्ध धारा 64 बीएनएस (BNS) एवं 04, 06 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
जंगल में लुका-छिपी: ड्रोन की मदद से पकड़ा गया आरोपी
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस की सक्रियता देख आरोपी रंजीत यादव पुलिस को चकमा देकर बेलगहना के घने जंगलों की ओर भाग निकला। जंगल काफी विस्तृत और घना होने के कारण आरोपी को ढूंढने में मुश्किल आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने आधुनिक रणनीति अपनाते हुए ड्रोन कैमरे की मदद ली। ड्रोन के जरिए आसमान से निगरानी कर आरोपी की सटीक लोकेशन ट्रैक की गई और पुलिस टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे जंगल के भीतर ही दबोच लिया।
चंद घंटों में कार्रवाई, बाइक जप्त
बेलगहना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 25 मई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है। इस त्वरित और तकनीक आधारित कार्रवाई में बेलगहना चौकी प्रभारी और उनके समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
