आईपीएल सट्टे के काले खेल पर रायपुर पुलिस का सबसे बड़ा डिजिटल प्रहार, 26 गिरफ्तार
रायपुर। आईपीएल के हर चौके-छक्के पर करोड़ों का दांव लगाने वाले हाईटेक ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट पर रायपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 बड़े नेटवर्क ध्वस्त कर दिए हैं। लगातार 72 घंटे चले सीक्रेट ऑपरेशन में पुलिस ने 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 59 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, लाखों रुपये नकद और कई वाहन जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद कोलकाता से हरियाणा तक फैले सट्टा नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृति राजनाला की मॉनिटरिंग में न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा, तिल्दा नेवरा और तेलीबांधा थाना पुलिस के साथ मिलकर यह बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि आईपीएल सीजन में शहर के बड़े सटोरिए देश के अलग-अलग राज्यों में बैठकर ऑनलाइन बेटिंग पैनल संचालित कर रहे हैं।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल ट्रैकिंग और नेटवर्क सर्विलांस के जरिए पूरा नेटवर्क खंगाला और एक साथ कई राज्यों में दबिश दी। जांच में Lotus365.com, Lion4.com, Goldenexch.com, BETONLY99.com, UNCLEBET9.com, GRANDEXCH.com, POWEREXCH.com, Gold777.com, jmdbet777.com, silverbet777.club, allpanel777.now और NASEEB91 जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये का सट्टा संचालन सामने आया।
कमिश्नरेट लागू होने के बाद बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद अब तक ऑनलाइन सट्टे के 18 मामलों में 100 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इन मामलों में करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। ताजा कार्रवाई में ही लगभग 50 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया गया है।
कोलकाता तक फैला नेटवर्क
मामले का सबसे बड़ा खुलासा तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 202/26 में हुआ। यहां पहले नमन जग्गी, आयुष जैन समेत तीन आरोपी पकड़े गए थे। पूछताछ में नागपुर और फिर कोलकाता तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने कोलकाता में दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 8 लाख रुपये नकद, 35 मोबाइल और 2 लैपटॉप बरामद किए।
जांच में रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी अमन नथानी को नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया गया है, जो रायपुर के राम लालवानी, नमन जग्गी, आयुष जैन और अंकित अग्रवाल के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा पैनल चला रहा था।

कई राज्यों के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में बालोद, हरियाणा, बिलासपुर, महाराष्ट्र, बिहार और रायपुर के युवक शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड में कई आरोपियों के खिलाफ पहले से भी ऑनलाइन सट्टे के मामले दर्ज बताए गए हैं।
न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सौरभ मुकीम, करण पिंजानी उर्फ किट्टू, शेख आसिफ, इमाम अहमद समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इनके साथी हरियाणा के गुरुग्राम से सट्टा पैनल संचालित कर रहे थे। पुलिस ने वहां रेड कर 5 और आरोपियों को दबोचा तथा 14 मोबाइल, 2 लैपटॉप, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और नकदी जब्त की।
तिल्दा और मौदहापारा में भी कार्रवाई
तिल्दा नेवरा क्षेत्र में NASEEB91 Book नामक पैनल के जरिए सट्टा संचालित किया जा रहा था। यहां राहुल फतनानी, गौतम पंजवानी और किशन उर्फ सोनू हिंदुजा को गिरफ्तार कर करीब 9.92 लाख रुपये जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक इस नेटवर्क का संचालन सानू फतनानी कर रहा था।
वहीं मौदहापारा क्षेत्र में अमित जंघेल अपने भाई के जरिए गोवा में बैठकर ऑनलाइन सट्टा पैनल चला रहा था। पुलिस ने कार्रवाई कर 7 मोबाइल और नकदी जब्त करते हुए अमित जंघेल, अजय उर्फ मॉन्टू साहू, मुकेश जंघेल और रवि डंगवानी को गिरफ्तार किया।

संपत्ति अटैच करने की तैयारी
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 4(क) तथा बीएनएस की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल प्रहार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्रिकेट के नाम पर चल रहे अवैध ऑनलाइन सट्टे पर साइबर निगरानी और कड़ी की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
