पोस्ट ऑफिस के सहायक डाकपाल ने किया 19.21 लाख का गबन, शेयर मार्केट और जुए की लत ने पहुंचाया जेल

0
IMG-20260525-WA1133

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा पोस्ट ऑफिस में पदस्थ सहायक डाकपाल द्वारा लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने शेयर मार्केट में लगातार नुकसान और जुए की लत के चलते खाताधारकों के पैसों का दुरुपयोग कर 19 लाख 21 हजार रुपये का गबन किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अकलतरा डाकघर में खाताधारकों के खातों से रकम गायब होने की शिकायत मिलने पर संयुक्त जांच टीम गठित की गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि सहायक डाकपाल संदीप कुमार मिरी ने फर्जी तरीके से चार अलग-अलग खातों से रकम निकालकर कुल 19.21 लाख रुपये का गबन किया।

मामले की शिकायत के बाद थाना अकलतरा में अपराध दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह वर्ष 2021 से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था। लगातार नुकसान होने के कारण उसने विभिन्न बैंकों और पोस्ट ऑफिस विभाग से करीब 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज ले रखा था।

कर्ज बढ़ने के बाद आरोपी ने खाताधारकों के फर्जी खाते खोलकर रकम निकालना शुरू कर दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शेयर मार्केट में पैसे लगाने के साथ जुआ खेलने का भी आदी था। आरोपी द्वारा लोन की किश्त चुकाने और ट्रेडिंग में नुकसान की भरपाई के लिए खातों से रकम निकालने की बात स्वीकार की गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, ग्रो एप और एंजल एप डिमेट अकाउंट के स्टेटमेंट जब्त किए हैं। जांच में करीब 40 लाख रुपये शेयर मार्केट में गंवाने के दस्तावेज भी मिले हैं। साथ ही विभिन्न बैंकों से लिए गए 20 लाख रुपये से अधिक के लोन संबंधी दस्तावेज भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष) निवासी बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पूरे मामले की जांच में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर और आरक्षक राजा रात्रे की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!