संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री रूपनारायण सिन्हा के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
संगठन, जनसेवा और भारतीय संस्कृति के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व संगठन मंत्री एवं वर्तमान में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री रूपनारायण सिन्हा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को भाजपा परिवार, संगठन और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री रूपनारायण सिन्हा ने संगठन निर्माण, जनसेवा तथा भारतीय संस्कृति एवं योग के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका समर्पित, अनुशासित और सेवाभावी व्यक्तित्व सदैव प्रेरणास्रोत एवं स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उनका इस प्रकार अचानक हमें छोड़कर चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। सार्वजनिक जीवन, संगठन और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लंबे समय तक याद की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
