महतारी वंदन योजना से बदल रही प्रदेश की तस्वीर
महिलाओं को आर्थिक संबल, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को मिल रही नई मजबूती
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रही है। महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाएं योजना से प्राप्त राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्कूल सामग्री, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल तथा घरेलू आवश्यकताओं पर कर रही हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ महिलाओं की निर्णय लेने की भूमिका भी बढ़ी है।
सूरजपुर जिले के ग्राम पीढ़ा निवासी श्रीमती बृहस्पति राजवाड़े बताती हैं कि योजना से मिलने वाली राशि उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित हो रही है। वहीं, इसी गांव की श्रीमती श्याम बाई राजवाड़े भी प्राप्त राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर कर रही हैं।
उनका कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता से परिवार को राहत मिली है और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना आसान हुआ है।
महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में सीधे राशि का अंतरण किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता के साथ उन्हें आर्थिक सुरक्षा का आधार मिल रहा है।
योजना का प्रभाव केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है, परिवार के महत्वपूर्ण निर्णयों में उनकी भागीदारी मजबूत हुई है तथा बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च में भी वृद्धि हुई है। यह योजना महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में संचालित यह योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और परिवारों के समग्र विकास की नई मिसाल बनकर उभर रही है। प्रदेशभर की लाखों महिलाएं इस योजना का लाभ लेकर अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जिससे एक सशक्त, शिक्षित और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई गति मिल रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

