आमाघाट रोड पर ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। आमाघाट रोड पर ट्रक और ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, अन्य मोबाइल तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार लंबे समय से आमाघाट मार्ग पर ट्रक चालकों से लूटपाट और मारपीट की शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी रात के समय गुजरने वाले ट्रकों पर पत्थरबाजी कर वाहन रुकवाते थे और फिर चालक-परिचालकों से नकदी व मोबाइल फोन लूट लेते थे।
पत्थर मारकर रोका ट्रक, फिर लूट लिया मोबाइल
मामले का खुलासा तब हुआ जब झारखंड के गढ़वा जिले निवासी ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान ने तमनार थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 2 जून की रात वह ट्रक क्रमांक सीजी 10 आर 2370 लेकर आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और उसके सिर में चोट आ गई। चालक जब वाहन रोककर अपनी चोट देख रहा था, तभी एक युवक ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर तमनार थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस को मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर देलारी गांव में दबिश दी और रघुनाथ चौहान तथा उसके साथी शिव कुमार अघरिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
लूटे गए मोबाइल समेत छह मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी शिव कुमार अघरिया के कब्जे से लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन सहित कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं मुख्य आरोपी रघुनाथ चौहान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
डकैती की धारा बढ़ाई गई
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि पांचों आरोपियों ने संगठित होकर मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने पहले दर्ज धारा को संशोधित करते हुए मामले में धारा 310(2) बीएनएस (डकैती) जोड़ दी।
आरोपियों की पहचान परेड भी कराई गई, जिसमें पीड़ित चालक ने सभी आरोपियों की पहचान की।
पांचों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों में रघुनाथ चौहान, शिव कुमार अघरिया, प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वाहन चालकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट, डकैती और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों, वाहन चालकों और उद्योग क्षेत्र में कार्यरत लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और इस प्रकार की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

