सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विकास कार्यों एवं जनहित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर को दी 134 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
बिलासपुर । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू ने सुशासन तिहार के अंतर्गत हेमूनगर स्थित इशिका गार्डन में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ सहभागिता कर आमजन से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों के लिए 134 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 68.54 लाख माताओं-बहनों के खातों में ₹642.27 करोड़ की राशि अंतरित की गई। साथ ही वृद्धजनों के लिए अत्याधुनिक बहुउद्देशीय वृद्धाश्रम एवं दिव्यांगजनों हेतु शिक्षण-प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई तथा स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण भी संपन्न हुआ।इस अवसर पर तोखन साहू ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सुशासन, विकास और जनकल्याण” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के उपरांत तोखन साहू ने माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की उपस्थिति में मधुबन-जूना क्षेत्र में विकसित हो रहे नालंदा परिसर एवं अत्याधुनिक एजुकेशन हब का निरीक्षण किया। लगभग ₹120 करोड़ की लागत से निर्मित हो रहा यह महत्वाकांक्षी प्रकल्प प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन संसाधन, छात्रावास एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।
नालंदा डिजिटल पब्लिक लाइब्रेरी, आधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह परिसर बिलासपुर को प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में नई पहचान प्रदान करेगा तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण की मजबूत नींव बनेगा।
इसके पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री के साथ विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में सहभागिता की। बैठक में अधोसंरचना विकास, शहरी सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसेवा से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

