रायपुर में वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने किया भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों का मूल्यांकन
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कला का हुआ भव्य प्रदर्शन,
सांसदों ने की मुक्त कंठ से प्रशंसा
रायपुर । राज्य सभा सांसद एवं वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्ष सुश्री डोला सेन की अध्यक्षता में गुरुवार को रायपुर के एक निजी होटल में समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक 10 से 12 जून 2026 तक अहमदाबाद, रायपुर एवं भुवनेश्वर के अध्ययन दौरा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
बैठक में ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों का मूल्यांकन’’ विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति के सदस्यों द्वारा व्यापार, निवेश, निर्यात-आयात तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। अध्ययन दौरे का उद्देश्य संबंधित हितधारकों एवं अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर विषय पर व्यापक प्रतिवेदन तैयार करना है।

छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति ने बांधा समां
बैठक उपरांत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भिलाई निवासी सुप्रसिद्ध लोक कलाकार श्री रिखी क्षत्रिय की टीम के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों एवं सामूहिक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति देकर उपस्थित सांसदों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों को समिति के सदस्यों ने सराहा तथा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि की प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने भी अपने सुमधुर स्वर में छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में समिति के सदस्य सांसद श्री अमरा राम, श्री बिश्वजीत सिन्हा (राहुल सिन्हा), श्री रमेश अवस्थी, श्री अतुल गर्ग, श्री धनंजय भीमराव महाडिक, श्रीमती रेणुका चौधरी, श्रीमती रोजी सैलो दामोदरन, श्रीमती लामनेई सिंगसित, श्री दिलीप यादव, श्री सदानंद महालू शेट तानवड़े, श्रीमती अनीता शुभदर्शिनी, डॉ. शिवपाल सिंह पटेल, श्री आनंद भदौरिया, डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले, डॉ. संगीता बलवंत, श्रीमती विजया एस. राजाशेखर, श्री राजेन्द्र कुमार तथा श्री गिरधारी यादव सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

