NTPC World Environment Day

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने गोरखपुर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण का दिया संदेश

0
Screenshot_20260618_064613

विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने गोरखपुर प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसंपर्क और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जनजागरण का संदेश दिया। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रवास के दौरान तोखन साहू ने गोरखपुर में आयोजित स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित राष्ट्रीय जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में योगदान दे।

इसी क्रम में उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही आवश्यक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री ने गोरखपुर के विभिन्न वार्डों में जाकर प्रबुद्धजनों एवं प्रतिष्ठित नागरिकों से आत्मीय भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर आधारित पुस्तिका भेंट की। उन्होंने नागरिकों के साथ संवाद करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में समाज के जागरूक और सक्रिय नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

तोखन साहू ने नगर निगम गोरखपुर में आयोजित “12 साल विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के — विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में भी सहभागिता की। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया है, वहीं जनधन योजना के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंची हैं।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित हुई है। इसी प्रकार उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार किया है। स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, किसान सम्मान निधि तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं ने देश के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति दी है।

अपने प्रवास के दौरान तोखन साहू ने एम्स गोरखपुर का भी भ्रमण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पूर्वांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में एम्स गोरखपुर की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी संभव होगा जब सरकार के साथ-साथ समाज का प्रत्येक वर्ग सक्रिय सहभागिता निभाए।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ उनके प्रचार-प्रसार में भी सहयोग करें। कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!