मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी किसानों की भरोसेमंद साथी
शिकायत के त्वरित निराकरण से किसान को समय पर मिला खाद, खेती की तैयारी हुई सुचारु
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन मॉडल का जमीनी स्तर पर दिख रहा सकारात्मक प्रभाव
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, जवाबदेही और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे शासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो रहा है।
इसका सकारात्मक उदाहरण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड निवासी किसान राम बलारिक यादव हैं। खरीफ सीजन की तैयारियों के दौरान उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण बोआई प्रभावित होने की चिंता सताने लगी थी। खेती-किसानी पर निर्भर किसान के लिए यह स्थिति काफी परेशानी भरी थी।
समस्या के समाधान के लिए राम बलारिक यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही कृषि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। विभागीय अधिकारियों के प्रयासों से किसान को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराया गया, जिससे वे समय पर अपनी खेती की तैयारियां पूरी कर सके और बोआई कार्य प्रभावित होने से बच गया।
राम बलारिक यादव ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का इतनी शीघ्रता से समाधान हो जाएगा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंची और समयबद्ध कार्रवाई होने से उन्हें बड़ी राहत मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन वास्तव में आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

