प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला अपना आशियाना, श्रीमती चम्पा बाई का पक्के घर का सपना हुआ साकार
आर्थिक कठिनाइयों के बीच शासन की सहायता से पूरा हुआ वर्षों पुराना सपना
रायपुर । एक समय था जब कबीरधाम जिले के ग्राम मजगांव निवासी श्रीमती चम्पा बाई का परिवार कच्चे मकान में जीवनयापन कर रहा था। हर मौसम उनके लिए नई चुनौती लेकर आता था। बरसात में छत टपकना, दीवारों में नमी आना और तेज बारिश व आंधी के दौरान घर की सुरक्षा को लेकर चिंता उनके परिवार की दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी थी। सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए एक अधूरा सपना था।
ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आई। योजना के तहत चयन होने के बाद शासन से प्राप्त सहायता राशि से उन्होंने अपने पक्के घर का निर्माण कराया। धीरे-धीरे उनका वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। आज श्रीमती चम्पा बाई अपने परिवार के साथ सुरक्षित, मजबूत और सुविधायुक्त पक्के मकान में रह रही हैं। अब उन्हें मौसम की मार या घर की सुरक्षा को लेकर पहले जैसी चिंता नहीं रहती। परिवार को बेहतर वातावरण मिला है और जीवन में सम्मान एवं आत्मविश्वास की भावना भी बढ़ी है।
श्रीमती चम्पा बाई बताती हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका भी अपना पक्का घर होगा। आज अपने नए घर को देखकर उन्हें गर्व और संतोष का अनुभव होता है। वे मानती हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस योजना ने गरीब परिवारों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का मार्ग प्रशस्त किया है। यह कहानी केवल एक मकान बनने की नहीं, बल्कि एक परिवार के जीवन में आए विश्वास, सुरक्षा और नए आत्मसम्मान की कहानी है। प्रधानमंत्री आवास योजना ऐसे अनेक परिवारों के लिए बेहतर भविष्य का आधार बन रही है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
