नारकोटिक एक्ट मामले में फरार मुख्य आरोपी एवं महिला सहित 02 गिरफ्तार 21.173 किलो गांजा जब्त करने वाले प्रकरण में बड़ी सफलता, पुरानी बस्ती पुलिस की कार्रवाई
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी (क्राइम एवं सायबर/पश्चिम क्षेत्र) के निर्देश पर नारकोटिक एक्ट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 मई 2026 को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने भाठागांव–खुड़मुड़ा रोड पर नाकेबंदी कर कार्रवाई की थी। इस दौरान अभनपुर की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (CG 04 HE 5555) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार आरोपी पुलिस को देखकर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से दो प्लास्टिक बोरियों में पैक 21.173 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, बीमा एवं आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज तथा डीजल से भरा जरीकेन बरामद किया गया था। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 12,79,000 रुपये आंकी गई थी। इस आधार पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 204/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम द्वारा लगातार फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण एवं दस्तावेजों की जांच के आधार पर पुलिस को आरोपी शिवम सोनी एवं काजल साहू की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शिवम सोनी थाना न्यू राजेन्द्र नगर में दर्ज एक अन्य एनडीपीएस मामले (अपराध क्रमांक 56/2026) में भी फरार चल रहा था। उक्त प्रकरण में पूर्व में 07 फरवरी 2026 को पुलिस ने 20.300 किलोग्राम गांजा, वाहन एवं मोबाइल फोन जब्त किए थे, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस अब दोनों मामलों में आरोपी शिवम सोनी की भूमिका की गहन जांच कर रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी –
- शिवम सोनी, उम्र 24 वर्ष, निवासी मलाक सद्दी, थाना मंझनपुर, जिला कौशाम्बी (उ.प्र.), हाल पता – अश्वनी नगर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।
- काजल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सेंध, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर, हाल पता – नया रायपुर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है तथा अन्य फरार एवं संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
