उड़ीसा के अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 06 आरोपी गिरफ्तार महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की 03 वारदातों का खुलासा, संगठित अपराध में सख्त कार्रवाई

0
IMG-20260621-WA1749

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उड़ीसा से संचालित अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग एवं लूट गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाने वाले इस सक्रिय गिरोह के 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना तोरवा एवं सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई 03 वारदातों का खुलासा किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य सुनियोजित तरीके से उड़ीसा से आकर बिलासपुर में स्थानीय सहयोगी के माध्यम से ठहरते थे और महिलाओं को अकेला पाकर चैन स्नैचिंग एवं लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है।

घटना की शुरुआत 15 मई 2026 को थाना तोरवा क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी से हुई, जहां एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह लगभग 6 बजे घर के बाहर सफाई के दौरान स्कूटी सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसके गले से सोने की चैन छीन ली और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

NTPC World Environment Day

पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिसमें बिना नंबर की नीली स्कूटी में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं। इसी दौरान थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में भी महिला के साथ चैन स्नैचिंग की समान वारदात सामने आई। दोनों घटनाओं के फुटेज एवं हुलिये के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि दोनों वारदातें एक ही संगठित गिरोह द्वारा की गई हैं।

जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गणेश नगर, सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने उड़ीसा से आए अपने साथियों को अपने घर में ठहराकर वारदातों को अंजाम देने में मदद की थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने थाना तोरवा एवं सिरगिट्टी क्षेत्र में 03 अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी उड़ीसा राज्य से विभिन्न शहरों में जाकर स्थानीय सहयोग से महिलाओं को निशाना बनाकर संगठित लूट एवं चैन स्नैचिंग की घटनाएं करते थे।

पुलिस ने प्रकरण में संगठित अपराध एवं आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं जोड़ते हुए सभी 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं गिरोह के अन्य 03 सदस्यों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी –

  1. शिव सिंह (28), निवासी सुंदरगढ़, उड़ीसा
  2. शक्ति प्रसाद (20), निवासी सुंदरगढ़, उड़ीसा
  3. नवीन साहू (32), निवासी सिरगिट्टी, बिलासपुर
  4. प्रमोद सिंह (30), निवासी सुंदरगढ़, उड़ीसा
  5. अतुल मुंडा (18), निवासी उड़ीसा
  6. बसंता खड़िया (20), निवासी संबलपुर, उड़ीसा (हाल पता सिरगिट्टी, बिलासपुर)

जप्ती –
▪️ बिना नंबर की सफेद रंग की स्कूटी

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध सूचना को तत्काल पुलिस को दें, जिससे इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!