फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील संदेश भेजने वाली महिला गिरफ्तार सोशल मीडिया के दुरुपयोग का मामला उजागर, तकनीकी जांच से खुला सच
बिलासपुर। थाना तोरवा पुलिस ने सोशल मीडिया में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील एवं धमकीपूर्ण संदेश प्रसारित करने तथा झूठी शिकायत दर्ज कराने के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला अपराध क्रमांक 253/2026, धारा 351(3), 356, 308(1) बीएनएस एवं 66(सी) आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। प्रार्थी संजय रात्रे, निवासी तिफरा बिलासपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर अश्लील एवं धमकीपूर्ण संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। साइबर तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया अकाउंट डिटेल्स एवं डिजिटल ट्रेल की जांच में यह तथ्य सामने आया कि फर्जी इंस्टाग्राम आईडी का संचालन प्रीति सूर्यवंशी द्वारा किया जा रहा था।

जांच में यह भी पाया गया कि आरोपिया ने प्रार्थी के नाम का उपयोग कर फर्जी अकाउंट बनाया और स्वयं ही संदेश भेजकर उनके स्क्रीनशॉट तैयार किए तथा इन्हीं के आधार पर पूर्व में शिकायत दर्ज कराई थी। इस प्रकार डिजिटल माध्यम से भ्रामक स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि प्रार्थी एवं आरोपिया पूर्व में परिचित एवं प्रेम संबंध में थे, जिसका उपयोग कर सोशल मीडिया के माध्यम से विवादित स्थिति निर्मित की गई।
पर्याप्त तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने प्रीति सूर्यवंशी (26 वर्ष), निवासी शिव मंदिर के पास, थाना तोरवा, बिलासपुर को दिनांक 21.06.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग के सभी पहलुओं पर गहन विवेचना की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
