बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 5 आरोपी गिरफ्तार
6,200 रुपये नगदी व 52 पत्ती ताश जब्त, पथर्रा में रेड कार्रवाई
बेमेतरा। जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 6,200 रुपये नगदी और 52 पत्ती ताश जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामकृष्ण साहू के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा एवं बेरला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
27 जून 2026 को थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पथर्रा, बड़ा तालाब स्थित महामाया मंदिर के पीछे कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए, जबकि 5 आरोपी मौके पर पकड़ लिए गए। पकड़े गए आरोपियों में केदार साहू (54), मनोज यदु (50), दिलेश्वर साहू (26), गुनीराम साहू (47) और मनोज देवांगन (30) शामिल हैं, जो सभी ग्राम पथर्रा, थाना एवं जिला बेमेतरा के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश और 6,200 रुपये नगदी जब्त कर लिए। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक रेशम लाल भास्कर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक विजयेन्द्र सिंह कश्यप, निधि गुप्ता, आरक्षक सौरभ सिंह सहित समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जुआ-सट्टा पर पुलिस की सख्त नजर
बेमेतरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी गैरकानूनी कार्य की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
