श्रम विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 अधिकारियों के तबादले
मुंगेली श्रम पदाधिकारी अभिषेक ठाकुर का सूरजपुर तबादला, बिलासपुर की ज्योति शर्मा को अतिरिक्त प्रभार
नवा रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्यभर में पदस्थ 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय, महानदी भवन नवा रायपुर से जारी आदेश के अनुसार यह स्थानांतरण प्रशासनिक दृष्टिकोण से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।
जारी आदेश के तहत कई जिलों के श्रम पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में मुंगेली जिले के श्रम पदाधिकारी अभिषेक ठाकुर का तबादला कर उन्हें सूरजपुर भेजा गया है। साथ ही उन्हें अंबिकापुर श्रम पदाधिकारी कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह निर्णय विभागीय कार्यों के बेहतर संचालन और प्रशासनिक मजबूती के उद्देश्य से लिया गया माना जा रहा है।
आदेश के अनुसार अंबिकापुर में पदस्थ नितेश विश्वकर्मा को कोरबा भेजा गया है, जबकि सूरजपुर के एलेन मिंज को बलरामपुर की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह बेमेतरा के शोएब काजी को कोंडागांव, बीजापुर के ओम व्यास नेताम को बालोद तथा जांजगीर-चांपा के समीर मिश्रा को राजनांदगांव स्थानांतरित किया गया है। वहीं कोंडागांव के आजाद सिंह पात्रे को जांजगीर-चांपा तथा बलरामपुर के भूपेंद्र सिंह चंद्रवंशी को कबीरधाम भेजा गया है।

इसके अलावा नवा रायपुर स्थित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में पदस्थ पायल शर्मा को दुर्ग और जी. के. पाण्डेय को बेमेतरा में नई पदस्थापना दी गई है। बिलासपुर कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय में कार्यरत युगुल किशोर शर्मा का स्थानांतरण रायगढ़ जिले के तमनार में किया गया है।
मुंगेली जिले के लिए एक अहम व्यवस्था यह भी की गई है कि सहायक श्रमायुक्त ज्योति शर्मा, बिलासपुर को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ मुंगेली श्रम पदाधिकारी कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे यह स्पष्ट है कि मुंगेली में फिलहाल नियमित पदस्थापना होने तक अतिरिक्त प्रभार के माध्यम से कार्य संचालन किया जाएगा।
श्रम विभाग के इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और विभागीय कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में श्रम योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा श्रमिक हितों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण में इससे सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।
देखिए आदेश 👇

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

