कलेक्टर गोपाल वर्मा ने डिप्टी कलेक्टर आर.बी. देवांगन को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर दी भावभीनी विदाई
32 वर्ष 7 माह की शासकीय सेवा के बाद डिप्टी कलेक्टर आर.बी. देवांगन हुए सेवानिवृत्त
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज डिप्टी कलेक्टर आर.बी. देवांगन के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने देवांगन को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके लगभग 32 वर्ष 7 माह के समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह अपर कलेक्टर विनय पोयाम, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, एसडीएम चेतन साहू सहित जिले के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि शासकीय सेवा केवल दायित्व निभाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह समाज और शासन के प्रति समर्पण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आर.बी. देवांगन ने अपने 32 वर्ष 7 माह के सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव, कार्य के प्रति समर्पण और सभी के साथ आत्मीय व्यवहार हमेशा याद रहेगा। कलेक्टर ने देवांगन के स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डिप्टी कलेक्टर आर.बी. देवांगन ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि शासकीय सेवा के दौरान उन्हें कई जिलों में काम करने का अवसर मिला। हर जगह उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और कर्मचारियों का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले में सभी का अपनापन और सहयोग हमेशा याद रहेगा। यहां बिताया गया समय उनके जीवन की सबसे अच्छी और अविस्मरणीय यादों में शामिल रहेगा। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्नेह और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
डिप्टी कलेक्टर आर.बी. देवांगन का शासकीय सेवाकाल उल्लेखनीय रहा। उन्होंने वर्ष 1993 में नायब तहसीलदार के रूप में शासकीय सेवा की शुरुआत की। शुरुआती वर्षों में उन्होंने सरगुजा जिले के अंबिकापुर, सूरजपुर और विश्रामपुर तहसीलों में सेवाएं दीं। इसके बाद वे राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में नायब तहसीलदार रहे। वर्ष 2006 से 2009 तक उन्होंने भाटापारा और सिमगा में पहले नायब तहसीलदार तथा पदोन्नति के बाद तहसीलदार के रूप में कार्य किया। वर्ष 2009 में वे कबीरधाम जिले के बोड़ला में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हुए। इसके बाद उन्होंने अभनपुर (रायपुर) और दुर्ग में भी तहसीलदार के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2014 में राज्य प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत होकर वे डिप्टी कलेक्टर बने। इसके बाद उन्होंने रायपुर, राजनांदगांव और कांकेर जिलों में अपनी सेवाएं दीं। 27 फरवरी 2024 से वे कबीरधाम जिले में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ हुए और अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

