‘इंकलाब युवा संसद 2026’ से निखरेगा युवा नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों से रूबरू होंगे युवा
जीवन संस्कार सेवा समिति की पहल, 11-12 जुलाई को बिलासपुर में होगा दो दिवसीय आयोजन
बिलासपुर। युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जीवन संस्कार सेवा समिति द्वारा 11 एवं 12 जुलाई 2026 को बिलासपुर में “इंकलाब युवा संसद 2026” का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवा भाग लेकर संसदीय प्रक्रिया, नीति निर्माण और नेतृत्व कौशल का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक बनाने का एक प्रभावी मंच है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने, संवाद स्थापित करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा।
विभिन्न समितियों के माध्यम से मिलेगा संसदीय अनुभव
आयोजन के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए लोकसभा, विधानसभा, यूनिसेफ, यूएनजीए, डीआईएसईसी, आईपी, आईपीएल तथा महाभारत जैसी विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों में युवा समसामयिक, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर चर्चा करते हुए अपनी तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

इस वर्ष आयोजन में पहली बार शतरंज प्रतियोगिता को भी शामिल किया गया है। समिति का मानना है कि शतरंज युवाओं में रणनीतिक सोच, तार्किक विश्लेषण और बेहतर निर्णय क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्य मंत्री ने दी शुभकामनाएं
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि “इंकलाब युवा संसद 2026” युवाओं में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका को और अधिक मजबूत करेगा।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने युवाओं से की सहभागिता की अपील
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने युवाओं से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, अभिव्यक्ति की दक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे युवा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में
जीवन संस्कार सेवा समिति के अनुसार कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मोहनीश, अमीषा, प्रवीण स्वामी, विराज श्री, आयुष सहित पूरी आयोजन समिति लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। प्रतिभागियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा है कि “इंकलाब युवा संसद 2026” युवाओं को नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। आयोजन से युवाओं में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

