केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर जिले में वृक्षारोपण एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम में की सहभागिता
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने बिलासपुर जिले के विकासखंड बिल्हा अंतर्गत भामाशाह भवन, चकरभाटा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बताते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया।श्री साहू ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा स्वच्छ पर्यावरण, संतुलित पारिस्थितिकी एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान सहित विभिन्न वृक्षारोपण अभियानों से जुड़कर हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
इसके उपरांत श्री साहू ने विकासखंड कोटा अंतर्गत ग्राम धूमा के हाई स्कूल भवन में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में सहभागिता कर छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साइकिल वितरण जैसी योजनाएँ छात्राओं की शिक्षा को निरंतरता प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता एवं आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती हैं।
श्री साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवश्यक संसाधन तथा समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

