झारखंड प्रवास के दूसरे दिन केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं संगठनात्मक गतिविधियों को दी गति
वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण सतत एवं स्वच्छ शहरी विकास के महत्वपूर्ण आधार : तोखन साहू
लातेहार/चतरा (झारखंड) । भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने झारखंड प्रवास के दूसरे दिन चतरा एवं लातेहार जिलों में विभिन्न विकासात्मक, सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी तथा सतत शहरी विकास को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।
प्रवास का शुभारंभ श्री साहू ने चतरा सर्किट हाउस परिसर में वृक्षारोपण कर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास सतत विकास की आधारशिला हैं तथा प्रत्येक नागरिक की इसमें सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इसके पश्चात उन्होंने इटखोरी स्थित प्रसिद्ध माँ भद्रकाली मंदिर में दर्शन-पूजन कर झारखंड एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
चतरा के ऊंटा मोड़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धेय श्री महेंद्र सिंह भोक्ता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जनसेवा एवं सामाजिक योगदान का स्मरण किया।
इसके उपरांत श्री साहू ने लातेहार जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर संगठन की गतिविधियों तथा जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रवास के दौरान श्री साहू ने लातेहार स्थित प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक ठोस अपशिष्ट पृथक्करण इकाई का निरीक्षण कर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वैज्ञानिक कचरा प्रसंस्करण, स्रोत पर अपशिष्ट पृथक्करण तथा आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को स्वच्छ, स्वस्थ एवं टिकाऊ शहरों के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने अधिकारियों को अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, संसाधनों के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने तथा वैज्ञानिक पद्धति से कचरे के निस्तारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्री साहू ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि “वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण सतत एवं स्वच्छ शहरी विकास के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहरों के निर्माण के लिए नागरिकों, स्थानीय निकायों एवं सभी हितधारकों की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।”
प्रवास के समापन पर श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने हेतु स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी एवं सतत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, व्यापक वृक्षारोपण तथा जनसहभागिता जैसे प्रयास स्वच्छ, हरित, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

