5 वर्षों से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पैरोल पर छूटने के बाद नहीं लौटा था जेल
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। कोविड-19 महामारी के दौरान पैरोल पर रिहा किए जाने के बाद आरोपी निर्धारित अवधि पूरी होने पर जेल वापस नहीं लौटा था और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। आखिरकार सरस्वती नगर थाना पुलिस ने उसे महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 220/2012 में फरार आरोपी सोहेल उर्फ जिमी (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 307, 506, 34, 147 एवं 148 के तहत हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
बताया गया कि आरोपी न्यायिक अभिरक्षा के दौरान अंबिकापुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध था। वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान शासन के निर्देशानुसार उसे अस्थायी पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद वह जेल वापस नहीं लौटा और लगातार फरार रहा।

पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान 9 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी बसना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरस्वती नगर निरीक्षक अजीत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सुरजीत सिंह सेंगर तथा आरक्षक रामकुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

