बालको ने सोनपुरी में सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण, पाढ़ीमार में नए भवन का भूमि पूजन
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा- सामाजिक विकास के प्रति बालको की प्रतिबद्धता सराहनीय
कोरबा-बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत सोनपुरी ग्राम पंचायत में नव-निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। वहीं बालकोनगर के पाढ़ीमार क्षेत्र में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया गया। उद्घाटन एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सोनपुरी में आयोजित लोकार्पण समारोह में बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं पाढ़ीमार में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, कन्नौजिया राठौर समाज के अध्यक्ष जय राठौर, पार्षद हितानंद अग्रवाल, रजत प्रसाद खूटे, बालको के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए बालको प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि बालको केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामुदायिक भवन ग्रामीणों के सामाजिक आयोजनों, सांस्कृतिक गतिविधियों और ग्राम विकास से जुड़े निर्णयों के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसे क्षेत्रों में बालको द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि उद्योग एवं समाज के इस सहयोग से कोरबा के विकास को नई गति मिल रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से सामुदायिक भवन को अपनी संपत्ति मानते हुए इसकी देखभाल करने तथा गांव के समग्र विकास के लिए इसका उपयोग करने की अपील की।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में समुदाय के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, सामाजिक जुड़ाव बढ़ाने और क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान देने के लिए बालको प्रतिबद्ध है।
बालको सीएसआर के अंतर्गत आधारभूत संरचना विकास कार्यक्रम के तहत पिछले तीन वर्षों में 85 से अधिक विकास कार्य पूरे किए गए हैं। इनमें सड़क, सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, आंगनवाड़ी केंद्र तथा शासकीय विद्यालयों के नवीनीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से 20 गांवों के 20 हजार 600 से अधिक लोगों को लाभ मिला है।
कंपनी ने पिछले दो महीनों के दौरान अधोसंरचना विकास कार्यक्रम के तहत नेहरू नगर सामुदायिक भवन, सिविक सेंटर स्थित जुबली पार्क तथा स्मृति उद्यान का भी निर्माण कराया है। बालको ने कहा कि वह अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास और स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

