पंडरिया के विद्यार्थियों के लिए शुरू होगी ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’
मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब से एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन और 3डी प्रिंटिंग का मिलेगा प्रशिक्षण
पंडरिया । पंडरिया विधानसभा के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से विधायक भावना बोहरा ने एक नई पहल की है। जल्द ही विधानसभा क्षेत्र में ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब की शुरुआत की जाएगी। इस अत्याधुनिक मोबाइल लैब के माध्यम से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, हाई स्कूलों और सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, ड्रोन, एयरोमॉडलिंग, 3डी प्रिंटिंग, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) तथा ऑगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी (एआर/वीआर) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मोबाइल लैब को विशेष बस के रूप में तैयार किया जा रहा है, जो पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचेगी। पांच अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम प्रत्येक विद्यालय में तीन से पांच दिन की कार्यशाला आयोजित करेगी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि स्वयं ड्रोन उड़ाने, रोबोट संचालित करने, कोडिंग करने और 3डी मॉडल तैयार करने का भी अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।


योजना के प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। इसका लक्ष्य प्रतिवर्ष पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान तकनीकी अवसर मिल सकें।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का युग है। यदि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को समय पर आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तो वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही अवसर मिलने पर गांवों के बच्चे भी नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की प्रतिस्पर्धा और तकनीक आधारित करियर के लिए तैयार हो सकें।
भावना बोहरा ने अपनी पूर्व पहल का उल्लेख करते हुए बताया कि पंडरिया विधानसभा की छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए पहले से 10 निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है। इस सुविधा के माध्यम से अब तक 1,500 से अधिक छात्राएं सुरक्षित रूप से घर से महाविद्यालय तक आवागमन कर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि संसाधनों के अभाव में पंडरिया विधानसभा का कोई भी विद्यार्थी शिक्षा और अवसरों से वंचित न रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

