बस्तर गोंचा महापर्व-2026 का निमंत्रण लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले प्रतिनिधि

0
IMG-20260711-WA1141

मुख्यमंत्री ने तुपकी चलाकर भगवान जगन्नाथ को दी प्रतीकात्मक सलामी

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को उनके निवास कार्यालय में बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए महापर्व के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान जगन्नाथ को पारंपरिक रूप से दी जाने वाली सलामी के तहत तुपकी चलाकर बस्तर की सांस्कृतिक परंपरा का सम्मान किया।

प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को भूमिगत (अंडरग्राउंड) किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से शहर में विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ है और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के सुचारु संचालन में आने वाली बाधाएं भी दूर हो गई हैं।

NTPC World Environment Day

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने मुख्यमंत्री को बताया कि समाज अपनी 619 वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि भगवान श्री 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) पहुंचेगी, जहां महाप्रभु विराजमान होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण होता है तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, गोंचा महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पांडे सहित समिति के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!