नारायणपुर में वन महोत्सव का भव्य आयोजन
वन मंत्री केदार कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर हरियाली रथ किया रवाना, शहीदों की स्मृति में लगाए गए 118 पौधे
रायपुर । पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से नारायणपुर वनमंडल के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में वन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिले में शहीद हुए 118 पुलिस जवानों की स्मृति में ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत शहीद वाटिका में 118 पौधों का रोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
शहीदों का बलिदान रहेगा अमर
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शहीदों की स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके सर्वोच्च बलिदान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

शहीद वाटिका में लगाए गए 118 प्रजातियों के पौधे
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। शहीद वाटिका में जैव विविधता को ध्यान में रखते हुए आम, अमलतास, रुद्राक्ष, आंवला, अशोक, चीकू, लीची, रीठा, हल्दू, गुलमोहर, साल, साजा, हर्रा, बेहड़ा, शीशम, खम्हार, बादाम, कटहल, अंजीर, सेब, मालाबार नीम, बेल, मुनगा, सफेद चंदन, लाल चंदन, करंज, पीपल, सागौन, इंडियन रॉकवुड, नीम, महुआ, एवोकाडो, रामफल, स्टारफ्रूट, कुसुम, मौसंबी, नींबू, कदंब, सिल्वर ओक, करौंदा, मलबरी और सपोटा सहित कुल 118 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
हरियाली रथ और ट्री-एटीएम से बांटे गए 10 हजार पौधे
वन मंत्री ने हरियाली प्रसार योजना के तहत हरियाली रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रथ के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क 10 हजार फलदार पौधों का वितरण किया जाएगा। साथ ही आधुनिक ट्री-एटीएम के माध्यम से भी नागरिकों को पौधे उपलब्ध कराए गए। हरियाली रथ पूरे जिले में भ्रमण कर पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाएगा।
किसानों और वन समितियों को मिला लाभ
किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत चयनित किसानों को सफेद चंदन और मालाबार नीम के पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। वहीं सुपगांव संयुक्त वन प्रबंधन समिति के 15 ग्रामीणों को आम, अमरूद, कटहल, जामुन, सिंदूरी और नींबू के उन्नत कलमी पौधे प्रदान किए गए, जिससे उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
सीडबॉल तकनीक से होगा वन विस्तार
कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए सीडबॉल का वन क्षेत्रों में छिड़काव भी किया गया। वर्षा ऋतु में इन सीडबॉल से प्राकृतिक रूप से पौधों का अंकुरण होगा, जिससे वन क्षेत्रों का विस्तार और हरित आवरण बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद नारायणपुर के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वनमंडल नारायणपुर के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

