सेवा सेतु पोर्टल से साकार हो रहा ‘जनता के द्वार, डिजिटल सरकार’ का संकल्प
समय-सीमा के भीतर राजपत्र प्रकाशन सेवा का सफल क्रियान्वयन, ऑनलाइन सेवाओं से मजबूत हो रहा सुशासन
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन को नई गति मिल रही है। शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं अब पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकारी प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण से लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुगम एवं प्रभावी हो गई हैं।
इसी क्रम में दुर्ग जिले में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से राजपत्र (गजट) प्रकाशन सेवा के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का उल्लेखनीय उदाहरण सामने आया है। नाम परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत तय समय-सीमा में प्रकरण का निराकरण किया गया। इसके बाद आवेदक को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आधिकारिक राजपत्र (गजट नोटिफिकेशन) उपलब्ध कराया गया। यह उदाहरण दर्शाता है कि सेवा सेतु नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करने में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

डिजिटल तकनीक से आसान हुई शासकीय सेवाएं
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की नागरिक सेवाओं को एकीकृत किया गया है। आवेदन से लेकर सेवा प्राप्ति तक की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने के साथ-साथ नागरिकों के समय और संसाधनों की भी बचत हो रही है। शासन की यह पहल सेवा वितरण प्रणाली को अधिक जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
सुशासन का प्रभावी माध्यम बन रहा सेवा सेतु
प्रदेश में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन, राजपत्र प्रकाशन सहित सैकड़ों शासकीय सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पहल केवल सेवाओं के डिजिटलीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पारदर्शिता, समयबद्धता और सुगमता के माध्यम से सुशासन की अवधारणा को भी मजबूत कर रही है।
सेवा सेतु पोर्टल के जरिए नागरिकों को घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ शासन और नागरिकों के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है। यही कारण है कि सेवा सेतु प्रदेश में ‘जनता के द्वार, डिजिटल सरकार’ के संकल्प को साकार करने वाला एक प्रभावी और भरोसेमंद डिजिटल मंच बनकर उभर रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

