ड्राइविंग प्रशिक्षण से बदली 31 युवाओं की राह
पुनर्वास नीति के तहत मिला कौशल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
रायपुर । ड्राइविंग प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर स्वरोजगार (सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट) अपनाना आत्मनिर्भर बनने का एक बेहतरीन मार्ग है। विधिवत प्रशिक्षण और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद, व्यक्तिगत कैब चालक (Ola, Uber), व्यावसायिक परिवहन (ट्रांसपोर्ट/लॉजिस्टिक कंपनियों में ड्राइवर), या अपना खुद का वाहन खरीद कर स्वतंत्र रूप से टैक्सी व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। सुकमा जिले में नक्सल पुनर्वास नीति के तहत युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल सकारात्मक परिणाम दे रही है। इसी कड़ी में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सुकमा में आयोजित 31 दिवसीय ड्राइविंग प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इस प्रशिक्षण में 31 पुनर्वासित युवाओं ने भाग लेकर रोजगार की नई राह की ओर कदम बढ़ाया।

कौशल के साथ मिला आत्मविश्वास प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक दिलीप साहू ने युवाओं को सुरक्षित और कुशल वाहन संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही वाहन की सामान्य मरम्मत और रखरखाव की तकनीकी जानकारी भी दी गई, ताकि वे भविष्य में नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकें।

प्रमाण-पत्र के साथ नई शुरुआत प्रशिक्षण पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में व्याख्याता एवं प्रशिक्षण संचालक खुशाल चंद्र केशरवानी ने सभी 31 प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर आरसेटी सुकमा के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की उम्मीद साफ दिखाई दी।
रोजगार और सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ते कदम आरसेटी सुकमा पुनर्वासित युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि ऐसे युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक जीवन और नई पहचान मिल सके।
शांति और विकास की मजबूत पहल जिला प्रशासन की यह पहल केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि पुनर्वासित युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, आत्मनिर्भर बनाने और सुकमा में शांति, विकास एवं समावेशी प्रगति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल साबित कर रही है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर युवा अपने जीवन की नई शुरुआत कर सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

