केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने उत्तराखंड में शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा की, केदारनाथ-बद्रीनाथ में स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा
हल्द्वानी, नैनीताल सहित पांच नगरीय निकायों की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, पार्किंग, कचरा प्रबंधन और शहरी अधोसंरचना के विकास पर विशेष जोर
हल्द्वानी । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने 10 एवं 11 नवंबर 2026 को उत्तराखंड के आधिकारिक प्रवास के दौरान धार्मिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं हल्द्वानी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर पांच नगरीय निकायों में शहरी सुविधाओं के विस्तार और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा


प्रवास के प्रथम दिन केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में शामिल श्री केदारनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर तथा भगवान विष्णु को समर्पित प्रमुख चारधामों में शामिल श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
धार्मिक स्थलों के भ्रमण के दौरान उन्होंने मंदिर प्रबंधन, राज्य प्रशासन के अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों से चर्चा कर मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता, सैनिटेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने नियमित स्वच्छता अभियान संचालित करने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा मंदिर प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और स्वच्छता कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।
हल्द्वानी में पांच नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक
प्रवास के दूसरे दिन श्री तोखन साहू ने हल्द्वानी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में हल्द्वानी, नैनीताल, लालकुआं, भीमताल और भवाली नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और पहलों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में हल्द्वानी के महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट, नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा सहित संबंधित नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शहरी अधोसंरचना, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पार्किंग सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
अर्बन चैलेंज फंड से शहरी विकास को गति देने पर जोर
केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रमुख शहरी अधोसंरचना परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) की संभावनाओं का लाभ उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने हल्द्वानी में निजी हाट बाजार एवं पार्किंग सुविधाओं के विकास तथा नैनीताल में पर्याप्त कार पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए व्यावहारिक और प्रभावी परियोजना प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बढ़ती शहरी आबादी और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए नगरीय निकायों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करनी चाहिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और यातायात एवं पार्किंग की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़कर विकसित करें कचरा प्रबंधन मॉडल
समीक्षा बैठक में श्री साहू ने लालकुआं में महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से आत्मनिर्भर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मॉडल विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता गतिविधियों में महिला समूहों की सहभागिता बढ़ाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर भी तैयार किए जा सकते हैं।
वहीं भीमताल में बढ़ती अस्थायी आबादी और पर्यटकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता अधोसंरचना को मजबूत करने, पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने, कचरा हस्तांतरण की व्यवस्था बेहतर बनाने तथा भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बने टिकाऊ विकास मॉडल
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी चुनौतियों का समाधान स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचारपूर्ण और टिकाऊ व्यवस्थाओं के माध्यम से किया जाना चाहिए। नगरीय निकायों की जिम्मेदारी है कि वे बेहतर शहरी प्रशासन, मजबूत नागरिक अधोसंरचना, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दें। केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
श्री साहू का यह दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास धार्मिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, नगरीय निकायों की कार्यक्षमता बढ़ाने और सतत शहरी विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और शहरी अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
