नशा दीमक की तरह जीवन को खोखला कर देता है : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा
बलौदाबाजार में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
100 सप्ताह तक जिलेभर में चलेंगे खेल, संस्कृति और जनजागरूकता के कार्यक्रम, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशव्यापी ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के वर्चुअल शुभारंभ के साथ ही बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भी इस महाअभियान का आगाज हुआ। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि “नशा एक दीमक की तरह है, जो न केवल व्यक्ति को खोखला करता है, बल्कि उसके परिवार, माता-पिता के सपनों और उसके भविष्य को भी बर्बाद कर देता है।” उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा यदि सही दिशा में लगे तो देश तेजी से प्रगति कर सकता है, लेकिन नशे की लत व्यक्ति की क्षमता और जीवन दोनों को प्रभावित करती है।

उन्होंने उपस्थित युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे साकार करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

राजस्व मंत्री ने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि देश में जितने भी बड़े परिवर्तन हुए हैं, उनमें युवाओं की निर्णायक भूमिका रही है। आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा नशे के चंगुल से स्वयं को मुक्त रखें और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, खेल, नवाचार तथा सामाजिक विकास में लगाएं। स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।

100 सप्ताह तक चलेगा जनजागरूकता अभियान
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत आगामी 100 सप्ताह तक जिलेभर में खेल, कला, संस्कृति और जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशामुक्ति विषय पर आधारित एक प्रभावशाली एवं संवेदनशील नाटिका का मंचन किया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। नाटिका के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने भविष्य को सुरक्षित करना चाहिए। उन्होंने जिले के युवाओं से 100 सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, खेल अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
