बेमेतरा पुलिस का बड़ा खुलासा, 13.70 लाख के चोरी के जेवरात बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260803-WA0841

सायबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त कार्रवाई, चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, बाइक, टीवी, मोबाइल और गोल्ड लोन दस्तावेज जब्त; चार आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं दर्जनों मामले

बेमेतरा । बेमेतरा पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, टीवी, मोबाइल फोन, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन की पर्चियां तथा अन्य सामान सहित लगभग 13 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से चार के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य की सतत मॉनिटरिंग तथा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी भूषण एक्का और एसडीओपी रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को सिंघौरी निवासी पवन शाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 और 22 जुलाई की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे करीब 4.60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर तथा एक लाख रुपये नकद, कुल 5.60 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

NTPC World Environment Day

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल स्वयं घटनास्थल पहुंचे और डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कराई। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं पारंपरिक जांच के आधार पर अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान और राजेश निषाद को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

जांच में सामने आया कि चोरी की रकम का आरोपियों ने आपस में बंटवारा कर लिया था। अजय कुमार जैन ने अपनी पत्नी दिव्या बाई सांखला के साथ मिलकर चोरी के सोने के कंगन और चेन को राजनांदगांव स्थित एक ज्वेलर्स के यहां दो लाख रुपये में बेच दिया। वहीं अन्य सोने के आभूषण ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में गिरवी रखकर 4.75 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया। चोरी की रकम का कुछ हिस्सा विभिन्न खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर भी किया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ताला काटने की आरी, बोरा उठाने का हुक, चोरी की रकम से खरीदा गया एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, नगदी, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन दस्तावेज तथा चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। राजनांदगांव स्थित ज्वेलर्स से सोने का कंगन और चेन तथा बैंक से गिरवी रखे गए रानी हार, अंगूठी और टॉप्स भी जब्त किए गए।

पुलिस ने इस मामले में अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान, राजेश निषाद, दिव्या बाई सांखला (जैन) और ज्वेलर्स संचालक आदित्य जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अलावा चोरी के सामान को खरीदने और छिपाने से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अजय कुमार जैन के खिलाफ विभिन्न जिलों में 41 आपराधिक मामले, राजेश निषाद के खिलाफ 33 मामले, मोहम्मद सुमोन खान के खिलाफ 7 मामले तथा दिव्या बाई सांखला के खिलाफ 11 मामले पहले से दर्ज हैं। इन सभी पर चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और चोरी के अन्य सामान तथा संभावित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!