यूको बैंक से 1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा, 10.87 लाख की ठगी; आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

0
IMG-20260803-WA1180

फर्जी लोन स्वीकृति पत्र और नकली दस्तावेजों के सहारे करता था धोखाधड़ी, जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। यूको बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 10.87 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के नकली दस्तावेज और फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी लौकेश बंसल के नेतृत्व में थाना चांपा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार शिवनगर, चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में अखबार के माध्यम से उनकी पहचान कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताते हुए यूको बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।

NTPC World Environment Day

आरोपी ने लोन प्रक्रिया के नाम पर पहले पांच लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट कराने और पांच से छह लाख रुपये अतिरिक्त खर्च होने की बात कही। विश्वास दिलाने के लिए उसने फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, नकली मोहर और फर्जी हस्ताक्षरों वाले दस्तावेज दिखाए। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने एक लाख रुपये नकद, 25 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से, सात लाख रुपये आरटीजीएस से तथा 2 लाख 54 हजार 285 रुपये अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इस प्रकार आरोपी ने कुल 10 लाख 87 हजार 285 रुपये की धोखाधड़ी कर ली।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 259/2025 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से आरोपी का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर (मध्यप्रदेश) पहुंचकर आरोपी कुलदीप वशिष्ठ (41 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाकर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी कुलदीप वशिष्ठ मूलतः रायपुर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र का निवासी है तथा वर्तमान में इंदौर के महालक्ष्मी नगर में रह रहा था।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राय, आरक्षक माखन साहू सहित थाना चांपा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आरोपी के अन्य संभावित नेटवर्क और इस तरह की अन्य धोखाधड़ी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!