सामूहिक रुद्राभिषेक में गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष, महिला कल्याण समाज ने की सुख-समृद्धि की कामना
सावन के प्रथम सोमवार पर रामेश्वरम शिवालय में भक्ति और आस्था का संगम, विश्व शांति के लिए हुआ वैदिक श्लोक पाठ
बिलासपुर । सावन मास के पावन अवसर पर महिला कल्याण समाज की ओर से सोमवार को इंदिरा विहार कॉलोनी स्थित रामेश्वरम शिवालय में सामूहिक रुद्राभिषेक एवं शिव पूजन का भव्य आयोजन किया गया। सावन के प्रथम सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव के रुद्राभिषेक से हुआ। श्रद्धालु महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ का जल, दुग्ध, पंचामृत एवं पूजन सामग्री से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। इसके बाद शिव पूजन, आरती तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई।


महिला कल्याण समाज की सचिव माधुरी तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने तथा पारिवारिक एवं सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना भी रहा। आयोजन के दौरान सभी महिलाओं ने अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में कविता घोष, संतोषी मेहता, सरोज वस्त्रकार, माया राव, सुप्रभा आचार्य, ज्योति उपाध्याय, सीमा दिग्रसकर, किरण वशिष्ठ, कृति गंगाजली, शेफाली घोष, रेखा गुल्ला, माया कापले, सरला शर्मा, सुदर्शन सुनटकीम, सुनीता शाक्य, वंदना राठौर, राखी कोस्ता, सानिया पटेल, दिव्या भौमिक, भानुमति नेता, आभा पांडे, बृहस्पति कश्यप, मौसमी राय, इंदू सिंह, बबीता यादव, बबीता मिश्रा, पुष्पा पटेल, सरिता चौहान, वंदना परिहार, नीति श्रीवास्तव, नागमणि राव, शशि सोनी, माधुरी कौशिक, हिमेश्वरी राठौर, लक्ष्मी टंडन, राधा सिंह और ताराबाई गिरी सहित समाज की सभी महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पूजन एवं आरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। व्रतधारी महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत खोला और भगवान शिव से परिवार, समाज तथा राष्ट्र के सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से वैदिक शांति मंत्र—
“सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत्॥”
का पाठ कर विश्व शांति, मानव कल्याण और समस्त प्राणियों के निरोग एवं सुखी जीवन की प्रार्थना की।
अंत में महिला कल्याण समाज की सचिव माधुरी तिवारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं तथा भविष्य में भी महिला कल्याण समाज इसी प्रकार जनहित और समाज हित के कार्यों का आयोजन करता रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
