दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान हत्या का 48 घंटे में खुलासा, एक आरोपी समेत तीन नाबालिग अभिरक्षा में

0
IMG-20260805-WA0959

100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक, हत्या में प्रयुक्त हथियार व लूटी गई नगदी बरामद

दुर्ग । दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान हुई युवक की हत्या के बहुचर्चित मामले का दुर्ग पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा तथा लूटी गई नगदी बरामद कर जब्त की गई है। मामले का खुलासा एसीसीयू और चौकी जेवरा सिरसा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से संभव हो सका।

पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की रात प्रार्थी चोवाराम लोधी अपने परिचित भूषण पटेल और प्रकाश सिंह कश्यप के साथ मोटरसाइकिल से शंकराचार्य अस्पताल जा रहे थे। देर रात लगभग दो बजे जब वे दुर्ग-धमधा रोड स्थित जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के सामने पहुंचे, तभी काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले विवाद शुरू किया और फिर डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार हथियार से लगातार वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य आरोपियों ने प्रार्थी और उसके साथी से भी मारपीट कर करीब चार हजार रुपये लूट लिए और धमधा की ओर फरार हो गए। घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी जेवरा सिरसा थाना पुलगांव में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई, धमधा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की गई।

NTPC World Environment Day

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदर्श उर्फ लाल (19 वर्ष) निवासी कादम्बरी नगर, मोहन नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी बरामद कर जब्त की गई। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देर रात सुनसान सड़कों पर मोटरसाइकिल सवार लोगों को रोककर पहले विवाद करते थे और फिर मारपीट कर नगदी एवं मोबाइल लूटते थे। विरोध होने पर वे धारदार हथियार से हमला करने से भी नहीं हिचकते थे। पुलिस के अनुसार इस मामले में भी लूट के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया गया था और विरोध करने पर हत्या की घटना हुई।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। समय पर दी गई सूचना अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!