तिल्दा विकासखंड के 10 गांवों में सजेगा सांस्कृतिक मंच
मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना से 41 लाख स्वीकृत
रायपुर । ग्रामीण छत्तीसगढ़ के सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य शासन ने एक अहम कदम उठाया है। ‘मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना’ (वर्ष 2026-27) के अंतर्गत रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड में अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लिए 41 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत तिल्दा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 10 नए रंगमंचों का निर्माण कराया जाएगा।

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि गांव केवल निवास स्थान नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक आयोजनों, लोक कलाओं के प्रदर्शन और सामुदायिक बैठकों के लिए एक व्यवस्थित मंच का होना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के जरिए गांवों के हर वर्ग को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। तिल्दा क्षेत्र में स्वीकृत ये 10 रंगमंच न केवल स्थानीय कलाकारों और ग्रामीणों को नया मंच प्रदान करेंगे, बल्कि परस्पर सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देंगे।

जारी शासकीय आदेश के अनुसार, तिल्दा विकासखंड के तुलसी नेवरा (पुराना पंचायत भवन के पास) में 5 लाख रुपये की लागत से रंगमंच बनेगा। वहीं, टण्डवा (प्राथमिक शाला एवं इंदिरा आवास के पास), सड्डू (वार्ड नं. 14), खुडमुडी (जून्ना तालाब के पास), सांकरा (महिला समूह परिसर), मोहदा (वार्ड नं. 18), परसदा, मोहगांव (अटल चौक) तथा चंगोरी (छछानपैरी) में 4-4 लाख रुपये की लागत से रंगमंचों का निर्माण कराया जाएगा। शासन ने इस निर्माण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को निर्देश दिए हैं। निर्देशों के तहत अनुशंसित कार्यों की तकनीकी रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करनी होगी और कार्य स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य रहेगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार के दोहरे आवंटन को रोकने और कार्य प्रगति के आधार पर किश्तों में राशि जारी करने की व्यवस्था तय की गई है, ताकि तय समय सीमा के भीतर ये रंगमंच बनकर ग्रामीणों को समर्पित किए जा सकें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
