खेत की जुताई को लेकर विवाद, कांग्रेस सचिव और पुत्र पर बरछी से हमला

0
Screenshot_20260808_162357

चिल्फी थाना क्षेत्र के सिलतरा गांव का मामला, दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

कवर्धा/चिल्फी । थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम सिलतरा में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद के बाद कांग्रेस सचिव और उनके पुत्र के साथ मारपीट तथा लोहे की बरछी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पिता-पुत्र दोनों को चोटें आने की जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका अस्पताल में इलाज जारी बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़ित ग्राम सिलतरा का निवासी है और खेती-किसानी का काम करता है। 6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:50 बजे वह अपने बेटे दीपेंद्र खाण्डे के साथ गांव के तालाब के पास स्थित अपने खेत में पहुंचा था। इस दौरान दीपेंद्र ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था।

NTPC World Environment Day

जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान गांव के रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई और सारिका बाई एक राय होकर खेत में पहुंचे और दीपेंद्र खाण्डे से खेत की जुताई करने को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने दीपेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक दीपेंद्र द्वारा गाली देने से मना करने पर विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान रघुवंश बर्मन द्वारा लोहे की बरछी से दीपेंद्र के सिर पर वार किए जाने का आरोप लगाया गया है। वहीं रामजी बर्मन पर उसके गाल और होंठ पर हाथ-मुक्के से मारपीट करने का आरोप है। सारिका बाई द्वारा दीपेंद्र का हाथ पकड़कर गाली-गलौज किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी हमला

बेटे के साथ मारपीट होते देख पिता बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचा। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान रामजी बर्मन ने लोहे की बरछी से उसके सिर और बाएं हाथ के पंजे पर हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद घायल पिता-पुत्र ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत प्राप्त होने के बाद चिल्फी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के संबंध में शिकायत में लगाए गए आरोपों, विवाद के कारण और घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

बताया जा रहा है कि घटना के पीछे खेत की जुताई को लेकर उत्पन्न विवाद मुख्य वजह है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!