स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशभर में मंत्री, सांसद और विधायक करेंगे ध्वजारोहण
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में ध्वजारोहण और राष्ट्रीय पर्व के आयोजन के लिए राज्य सरकार ने मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 9 अगस्त 2026 को जारी आदेश में प्रदेश के 33 जिला मुख्यालयों के लिए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायकों को मुख्य अतिथि के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार जिला मुख्यालयों में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और इसके बाद मुख्यमंत्री का संदेश वाचन किया जाएगा। संबंधित जिला प्रशासन को मुख्य अतिथि के साथ समन्वय कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और ध्वजारोहण करेंगे। वहीं बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे।

राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को मुख्य अतिथि बनाया गया है। सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में मंत्री केदार कश्यप और कबीरधाम में मंत्री लखनलाल देवांगन ध्वजारोहण करेंगे।
इन जिलों में मंत्रियों को जिम्मेदारी
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी, कांकेर में मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जशपुर में मंत्री राजवाड़े, बलौदाबाजार में मंत्री गजेंद्र यादव और बेमेतरा में सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि होंगे।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पांडेय, कांकेर में सांसद भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया और गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी को मुख्य अतिथि बनाया गया है।
सांसद और विधायकों को भी मिली जिम्मेदारी
सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप और सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद रेखा वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।
कोरबा में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में विधायक भैया लाल राजवाड़े और नारायणपुर में विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगी।
समारोह की तैयारियों के निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी संबंधित जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि मुख्य अतिथि से परामर्श कर स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम का निर्धारण किया जाए। साथ ही राज्य शासन की ओर से जारी निर्देशों की प्रति संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए समारोह के सफल आयोजन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया जाएगा। जिला प्रशासन को समारोह की व्यवस्थाओं, प्रोटोकॉल और अन्य आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
