भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का अनावरण, सामाजिक एकता और नई पीढ़ी के उत्थान का दिया संदेश

0
Screenshot_20260814_200748

वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया प्रतिमा का अनावरण

कलार समाज के सामाजिक सम्मेलन में शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और युवाओं को आगे बढ़ाने पर हुआ मंथन

रायपुर । प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में श्री राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रतिमा अनावरण के अवसर पर दोनों मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा, विकास और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

पंजरी प्लांट स्थित बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में कलार समाज द्वारा आयोजित प्रतिमा अनावरण एवं सामाजिक सम्मेलन में दोनों मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर एवं पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। सम्मेलन में कलार समाज की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं और बेटियों के उत्थान जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कलार समाज की विरासत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा की स्थापना को समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के महत्वपूर्ण चौक पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होना केवल रायगढ़ के कलार समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के समाजजनों के लिए गौरव का अवसर है।

NTPC World Environment Day

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे स्वयं कलार समाज से आते हैं और समाज की भावनाओं एवं अपेक्षाओं से भली-भांति परिचित हैं। छत्तीसगढ़ की धरती को सजाने-संवारने और बसाने में कलचुरी वंश के पूर्वजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कलचुरी समाज का इतिहास किसी एक व्यवसाय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व व्यापक है।

उन्होंने कहा कि कलचुरी साम्राज्य का प्रभाव छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहा है। समाज के लोगों को अपने गौरवशाली इतिहास को जानने के साथ ही नई पीढ़ी को भी इस समृद्ध विरासत से परिचित कराना चाहिए। अपनी जड़ों, इतिहास और संस्कृति की जानकारी नई पीढ़ी में आत्मविश्वास और सामाजिक गौरव की भावना को मजबूत करती है।

सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी होगा प्रदेश और देश का समग्र विकास

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की प्रगति से होती है। इसलिए बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज की संपत्ति नहीं होती। जिस समाज के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, वह समाज प्रगति करेगा और जब सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश का समग्र विकास संभव होगा।

वित्त मंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कृषि, व्यवसाय, कला, संगीत, मीडिया, उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और पहचान बना सकते हैं। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करें और उन सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में सफलता के अनेक रास्ते हैं। आवश्यक है कि युवा अपनी रुचि और प्रतिभा को पहचानें तथा सही दिशा में मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें।

बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को इतना सक्षम और मजबूत बनाया जाना चाहिए कि वे जीवन के किसी भी क्षेत्र में आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती के लिए महिलाओं और बेटियों की शिक्षा तथा उनकी आर्थिक एवं सामाजिक आत्मनिर्भरता महत्वपूर्ण है। बेटियों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने से परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति को नई दिशा मिलती है।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 95 प्रतिशत से अधिक अंक वालों को 25 हजार रुपये

सामाजिक सम्मेलन के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समय-समय पर प्रोत्साहन और सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे विद्यार्थी भविष्य में और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

प्रतिमा अनावरण को बताया गौरव का अवसर

नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा के अनावरण को समाज के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी समाजों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है।

कलार समाज के प्रदेशाध्यक्ष विजय जायसवाल ने प्रतिमा अनावरण को समाज के लिए खुशी और गौरव का क्षण बताया। उन्होंने दोनों मंत्रियों सहित सभी अतिथियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कलार महासभा की महाध्यक्ष सरोज दुष्यंत डनसेना, जिलाध्यक्ष केशव जायसवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!