स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान को किया नमन
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का किया आह्वान
रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि 15 अगस्त 2026 को भारत गौरवशाली 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह दिन देशवासियों के लिए गौरव और आत्मचिंतन का अवसर है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को पराधीनता से मुक्ति मिली।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान देश सदैव स्मरण रखेगा। इन महान सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में अपने अधिकारों और आकांक्षाओं के साथ जीवन जी रहे हैं।

वीर जवानों के त्याग को किया नमन
राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा की जिम्मेदारी हमारे वीर सैनिकों और सुरक्षा बलों ने पूरी निष्ठा के साथ निभाई है। देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर आंतरिक सुरक्षा तक हमारे जवानों ने अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। राष्ट्र उनके त्याग, समर्पण और बलिदान के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं है, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करना चाहिए।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील
राज्यपाल ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा, कौशल और नवाचार को देश की प्रगति के लिए समर्पित करें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान, खेल, उद्यमिता और विभिन्न क्षेत्रों में युवा अपनी क्षमता का उपयोग करते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। सामूहिक प्रयासों और सकारात्मक सोच के माध्यम से भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं गौरवशाली राष्ट्र बनाया जा सकता है।
राज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, देश की उपलब्धियों पर गर्व करने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
