तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0
IMG-20260814-WA1272

मुख्यमंत्री साय ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री निवास में फहराया तिरंगा

प्रदेशवासियों से घर-घर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के महाअभियान से जुड़ने का आह्वान

तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का कराता है स्मरण

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस महाअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। तिरंगे को देखते ही प्रत्येक भारतीय का मन गर्व और राष्ट्रप्रेम से भर उठता है। यह देश के करोड़ों नागरिकों को एकता के सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय गौरव है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।

हर घर तिरंगा बना जनआंदोलन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने की अभिनव पहल की है। आज यह अभियान व्यापक जनांदोलन का स्वरूप ले चुका है। गांव से लेकर शहर तक घर-घर में लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक के समर्पण को अभिव्यक्त करता है।

NTPC World Environment Day

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सभी अपने घरों पर पूरे सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराएं। तिरंगे को नमन करते हुए उन स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें, जिनके संघर्ष और बलिदान से देशवासियों को स्वतंत्र भारत में सांस लेने का अवसर मिला।

छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों को किया नमन

मुख्यमंत्री साय ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की धरती ने अनेक वीर सपूतों को जन्म दिया, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जनजातीय नायक ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम प्रदेश की गौरवशाली विरासत है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन सभी ज्ञात-अज्ञात वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करना हम सभी का कर्तव्य है।

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान विशेष रूप से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। जब बच्चे और युवा अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं, तो उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और कर्तव्य का भाव और अधिक मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें हमारे पूर्वजों के असंख्य बलिदानों से प्राप्त हुई है। अब इस स्वतंत्रता को सशक्त और सार्थक बनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लें संकल्प

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगे की छांव में हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्रहित हम सभी के लिए सर्वोपरि है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी राष्ट्रीय चेतना को और मजबूत करने का अभियान है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घर-घर तिरंगा फहराएं, राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखें और एकजुट होकर विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!