सभी समाजों के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, तभी होगा छत्तीसगढ़ का समग्र विकास – वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
रायगढ़ में सोनार समाज के नवनिर्मित सामुदायिक भवन का वित्त मंत्री ने किया लोकार्पण
युवाओं और बच्चों को शिक्षा, कौशल विकास एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर दिया जोर
रायपुर । वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने आज रायगढ़ में सोनार समाज के नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने सोनार समाज के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामुदायिक भवन सामाजिक गतिविधियों, बैठकों और विभिन्न आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। यह भवन समाज के लोगों को एकजुट करने के साथ सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के संचालन के लिए महत्वपूर्ण स्थान उपलब्ध कराएगा।
समाज की प्रगति का आधार नई पीढ़ी

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी नई पीढ़ी की प्रगति से होती है। बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना समाज के विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। सभी समाजों के बच्चों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के समान अवसर मिलेंगे, तभी समाज प्रगति करेगा।

उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा और सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश का समग्र विकास संभव होगा। युवाओं और बच्चों को शिक्षा, कौशल विकास तथा बेहतर अवसर उपलब्ध कराना केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज और अभिभावकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

वित्त मंत्री ने कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार, व्यवसाय, तकनीक, शिक्षा, कला और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की व्यापक संभावनाएं हैं। आवश्यकता इस बात की है कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराया जाए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी वर्ग विकास की प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाएं और सामुदायिक भवन समाज को संगठित करने तथा सामाजिक गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सोनार समाज के लिए निर्मित यह सामुदायिक भवन सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों, युवाओं एवं बच्चों से जुड़े आयोजनों तथा अन्य गतिविधियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
वित्त मंत्री ने समाज के लोगों से सामुदायिक भवन का बेहतर उपयोग करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा और नई पीढ़ी के विकास के लिए सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सोनार समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
