सोनमणि बोरा ने प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कार्यभार संभाला
रायपुर । भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने आज प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का कार्यभार ग्रहण किया। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग पदस्थ किया गया है।
वे इससे पहले प्रमुख सचिव, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। इसके साथ ही वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

विभागीय योजनाओं और कार्यों की ली जानकारी

कार्यभार ग्रहण करने के बाद बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें विभागीय गतिविधियों एवं वर्तमान में संचालित कार्यों से अवगत कराया।

इस अवसर पर विभाग के संचालक रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, उप सचिव भागवत जायसवाल, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी, उप संचालक अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि तथा अधीक्षण अभियंता रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।
रायपुर के नगरीय विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
उल्लेखनीय है कि सोनमणि बोरा की राज्य गठन के बाद रायपुर को राजधानी के रूप में विकसित और व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, आरडीए और बीडीए के आयुक्त एवं सीईओ के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने रायपुर और बिलासपुर के नगरीय विकास के साथ-साथ कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सफाई और तालाबों के संरक्षण को मिली गति
बोरा के कार्यकाल में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब सहित अन्य तालाबों के संवर्धन, विकास एवं पुनरोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए। रायपुर के महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए स्थान निर्धारित कर कार्य प्रारंभ कराया गया।
नगरीय क्षेत्रों में विद्यालयों के कायाकल्प की दिशा में भी कार्य किए गए। रायपुर नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया। लेखा संबंधी कार्यों को मैनुअल पद्धति से सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली में परिवर्तित किया गया। इसके साथ ही संचालन-संधारण (ओ एंड एम) कार्यों को प्रिवेंटिव कार्यों के रूप में शामिल कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी उनकी प्रमुख उपलब्धियों में रहे हैं।
नागरिक सुविधाओं और शहरी विकास पर रहेगा जोर
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नए दायित्व के साथ विभाग में संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा नगरीय विकास से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों से चर्चा करते हुए बोरा ने कहा कि जनता से जुड़े विभागीय कार्यक्रमों तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने पर जोर दिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
