बहनों का स्नेह ही मेरी ताकत, रक्षाबंधन पर तोखन साहू की कलाई राखियों से सजी
बिलासपुर । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू की कलाई पर सुबह से ही बहनों के स्नेह की राखियां सजने लगीं। नेहरू चौक स्थित निवास से शुरू हुआ यह आत्मीय सिलसिला दिनभर चलता रहा। बिलासपुर, तखतपुर एवं मुंगेली में विभिन्न कार्यक्रमों में बहनों ने स्नेहपूर्वक राखी बांधकर श्री साहू को आशीर्वाद दिया।
ग्राम बेलपान, विधानसभा तखतपुर में आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव में भाजपा संगठन की बहनों ने तोखन साहू को राखी बांधी। इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। संगठन भी परिवार की तरह है, जहां प्रेम, विश्वास और अपनत्व सेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।

रक्षाबंधन के अवसर पर श्री साहू ने धर्मपत्नी श्रीमती लीलावती साहू के साथ बिलासपुर के टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज राजयोग भवन पहुंचकर ब्रह्माकुमारी बहनों से आत्मीय भेंट की। बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।

वहीं, गृह ग्राम डिंडोरी, जिला मुंगेली में परिवार की बहनों ने प्रेम और स्नेह से राखी बांधी। इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता जीवन के सबसे आत्मीय रिश्तों में से एक है। राखी के इन धागों में स्नेह, विश्वास, अपनापन और बचपन की सुंदर स्मृतियां जुड़ी होती हैं।
श्री तोखन साहू ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों से मिला यह स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है और उन्हें निरंतर जनसेवा एवं समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने प्रदेश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि, सम्मान एवं खुशहाल जीवन की कामना की।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
