प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल पर बलौदाबाजार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज
सवा लाख दीपों से अलौकिक हुआ विवेकानंद सरोवर, पूरे जिले में जले करीब 11 लाख दीये
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के अथक जनसेवा और समर्पण काल के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को बलौदाबाजार जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत पूरे जिले में एक साथ करीब 11 लाख दीपक प्रज्वलित किए गए। दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित चौपाटी में आयोजित मुख्य समारोह में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की विधिवत शुरुआत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई और दीप प्रज्वलन के इस आयोजन को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया।


शहीद वीर नारायण सिंह चौक से निकली भव्य रैली
मुख्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम से पहले राजस्व मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने शहीद वीर नारायण सिंह चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और माल्यार्पण किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज और नागरिकों के उत्साह के बीच चौक से चौपाटी तक भव्य रैली निकाली गई।

रैली में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। रैली के माध्यम से लोगों ने अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली रैली के बाद चौपाटी में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विवेकानंद सरोवर बना आकर्षण का केंद्र

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण विवेकानंद सरोवर रहा। यहां सवा लाख दीयों की स्वर्णिम रोशनी से सरोवर का पूरा परिसर जगमगा उठा। वहीं पेड़ों पर सजी रंग-बिरंगी लाइटों ने वातावरण को और आकर्षक बना दिया।
सरोवर के शांत जल पर तैरती दीपों की परछाइयों ने लोगों का ध्यान खींचा। इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी सरोवर परिसर में पहुंचे। दीपों की रोशनी और सजावटी प्रकाश व्यवस्था के बीच विवेकानंद सरोवर का नजारा आकर्षण का केंद्र बना रहा।
देशभक्ति भजनों के बीच मंत्री ने गाया गीत
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का उत्साह बढ़ाया। आर्केस्ट्रा टीम द्वारा देशभक्ति भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसी दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने अपने चिरपरिचित अंदाज में स्वयं गीत प्रस्तुत किया। मंत्री के गीत पर उपस्थित जनसमुदाय उत्साहित नजर आया और कार्यक्रम स्थल पर माहौल और भी जीवंत हो गया।
सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण का संदेश
उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में सेवा भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता जगाने का पवित्र प्रयास है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को प्रगति के शिखर पर ले जाने और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सहभागिता का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
जनभागीदारी, सेवा और संकल्प के इस आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर, एसपी, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा और जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नगरवासी मौजूद रहे।
बलौदाबाजार जिले में एक साथ करीब 11 लाख दीपों का प्रज्वलन ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ को व्यापक जनभागीदारी वाला आयोजन बना गया। वहीं विवेकानंद सरोवर में सवा लाख दीयों की रोशनी ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
