चांपा में क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ

0
Screenshot_20260918_221641

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कहा—कबड्डी माटी के स्वाभिमान, सामर्थ्य और जुझारूपन का प्रतीक

जांजगीर-चांपा। चांपा में विद्या भारती मध्य क्षेत्र की क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। आयोजन के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल को अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

तोखन साहू ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उनके अनुसार युवा शक्ति के संकल्प और सामर्थ्य के आधार पर भारत 21वीं सदी में नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है।

चांपा की धरती पर आयोजन को बताया विशेष

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि चांपा की ऐतिहासिक और कर्मठ धरती पर उपस्थित होना अपने आप में ऊर्जा और उत्साह का अनुभव कराता है। उन्होंने विद्या भारती और सरस्वती शिशु मंदिरों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि ये संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण के केंद्र के रूप में भी कार्य करते हैं।

NTPC World Environment Day

उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, कर्तव्यबोध तथा समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है। खेल गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कबड्डी को बताया माटी से जुड़ा खेल

कबड्डी को भारतीय जीवन और माटी से जुड़ा खेल बताते हुए तोखन साहू ने कहा कि इसके प्रत्येक चरण में जीवन के महत्वपूर्ण संदेश निहित हैं। उन्होंने कहा कि कबड्डी में टीम के सभी खिलाड़ी एकजुट होकर प्रतिद्वंद्वी का सामना करते हैं, जो संगठित शक्ति और सामूहिक प्रयास का उदाहरण है।

उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतियोगिता में परिणाम महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन खेल भावना, अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना का महत्व भी उतना ही है। मैदान पर मिली जीत जहां खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ाती है, वहीं चुनौती और पराजय अनुभव हासिल करने तथा अपनी कमियों से सीखने का अवसर देती है।

समर्पण और सकारात्मक सोच से खेलने की अपील

केंद्रीय राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मुकाबला खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता को परखने और बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर है। खेल के दौरान अनुशासन और खेल भावना बनाए रखना खिलाड़ी के व्यक्तित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ का किया उल्लेख

तोखन साहू ने केंद्र सरकार की खेल संबंधी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से खेलों को जनभागीदारी से जोड़ने और युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करने पर बल दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि छोटे शहरों और कस्बों से निकलने वाली प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच सकें।

आयोजनकर्ताओं को दी बधाई

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए तिलभाण्डेश्वर बाल कल्याण समिति, सरस्वती शिक्षा संस्थान एवं विद्यालय परिवार को बधाई और साधुवाद दिया।

उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि आज के खिलाड़ी आने वाले भारत की शक्ति और सामर्थ्य के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!