26 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 6 मोटरसाइकिलें जब्त

0
IMG-20260920-WA0553

लोरमी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 2.10 लाख रुपए की चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

मुंगेली/लोरमी। मोटरसाइकिल चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए लोरमी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के महज 26 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने मामले में आरोपी चरन कुर्रे (22) और अमित चेलकर (21), दोनों निवासी अमलडीही, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया है।

NTPC World Environment Day

खुड़िया डेम से चोरी हुई थी बाइक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगला, बिलासपुर निवासी चंद्रशेखर पटेल (28) अपनी मां के साथ 17 सितंबर को मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10 AT-2684 से खुड़िया डेम घूमने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल खुड़िया बांध के उलट की ओर नीचे खड़ी की और मां के साथ बांध के ऊपर घूमने चले गए।

करीब 3 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि जिस स्थान पर मोटरसाइकिल खड़ी की थी, वहां वाहन मौजूद नहीं था। आसपास तलाश करने के बाद भी मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला। इसके बाद 18 सितंबर को उन्होंने थाना लोरमी पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 400/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी सहायता से संदिग्धों की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान पुलिस को चरन कुर्रे और अमित चेलकर, दोनों निवासी अमलडीही, पर संदेह हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने खुड़िया डेम से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा अन्य स्थानों से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी सामने आई।

दोनों के घर से मिली तीन-तीन मोटरसाइकिल

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कुल 6 मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों ने तीन-तीन मोटरसाइकिल अपने-अपने घर में रखना बताया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सभी छह मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।

आरोपी चरन कुर्रे की निशानदेही पर बरामद वाहन :

  1. हीरो एचएफ डीलक्स, काला रंग, बिना नंबर — कीमत 35 हजार रुपए।
  2. हीरो एचएफ डीलक्स, लाल रंग, बिना नंबर — कीमत 30 हजार रुपए।
  3. हीरो एचएफ डीलक्स, काला-लाल रंग, बिना नंबर — कीमत 25 हजार रुपए।

आरोपी अमित चेलकर की निशानदेही पर बरामद वाहन :

  1. हीरो एचएफ डीलक्स, काला-लाल रंग, बिना नंबर — कीमत 40 हजार रुपए।
  2. हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल, काला रंग, बिना नंबर — कीमत 25 हजार रुपए।
  3. होंडा साइन, सिल्वर रंग, बिना नंबर — कीमत 55 हजार रुपए।

पुलिस ने सभी छह वाहनों को जब्त कर लिया है। जब्त मोटरसाइकिलों की कुल कीमत 2 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।

धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को 19 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई

मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों, संपत्ति संबंधी अपराधों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में लोरमी पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल चोरी के मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, थाना प्रभारी लोरमी, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर मरावी, कवि टोप्पो, युगल किशोर, रेखराम नेताम एवं सैनिक कुलदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

जिला पुलिस मुंगेली ने नागरिकों से अपने घरों एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी थाना को सूचना दें। पुलिस के अनुसार नागरिकों की सतर्कता और पुलिस को समय पर सूचना मिलने से चोरी एवं अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!